मध्य प्रदेश: बागेश्वर धाम से लौटते समय ट्रैक्टर पलटा, राहतगढ़ में युवक की रहस्यमयी मौत

 

मध्य प्रदेश में दो बड़ी घटनाएं: छतरपुर में ट्रैक्टर हादसा और राहतगढ़ में युवक की संदिग्ध मौत

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम से मोनिया नृत्य करके लौटते समय एक बड़ा हादसा हो गया



छतरपुर में बागेश्वर धाम से लौटते समय ट्रैक्टर पलटा, आधा दर्जन लोग घायल

छतरपुर : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम से मोनिया नृत्य करके लौटते समय एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ग्राम कोड़ा के पास पलट गया, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर में करीब 40 लोग सवार थे, जो सभी जिला पन्ना के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गुमानगंज के निवासी हैं। दिवाली उत्सव के दौरान मंगलवार को बागेश्वर धाम मंदिर में दर्शन करने के बाद मोनिया नृत्य करके टोली अपने गांव लौट रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और ग्राम कोड़ा के पास एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रॉली के पलटते ही कई लोग ऊपर हवा में उछल गए, जबकि कई दूर जा गिरे। हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

ट्रैक्टर गुमानगंज गांव के बबलू विश्वकर्मा का था, जो खुद चला रहा था। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया है।

— मुकेश यादव, सागर एक्सप्रेस न्यूज़, छतरपुर


राहतगढ़ में खेत से मिला युवक का शव, संदिग्ध हालात में मिली लाश से मचा हड़कंप

सागर : मध्य प्रदेश के सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत झिला गांव में दीपावली की भाईदूज के दिन एक 33 वर्षीय युवक का शव खेत से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान पंचम सिंह खंगार (उम्र 33 वर्ष) निवासी झिला गांव के रूप में हुई है, जो इंदौर में काम करता था और दीपावली की छुट्टियों पर अपने गांव आया हुआ था।

परिवार वालों के अनुसार, पंचम को आखिरी बार रात 10 बजे देखा गया था। सुबह गांव के एक खेत में उसका शव मिला। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तो युवक के शरीर पर कई चोटों के निशान थे और गले पर भी रस्सी जैसे निशान दिखाई दिए।

परिजनों का कहना है कि पंचम जुआ खेलने का आदि था और पैसे जीत जाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई है।

पुलिस जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही राहतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, "गले में निशान मिले हैं और शरीर पर चोटें हैं। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।"


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.