🚨 सागर में महिला ने युवक पर प्रताड़ना और संबंध बनाने का दबाव डालने के गंभीर आरोप लगाए
मध्य प्रदेश के सागर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत भैंसा इलाके की रहने वाली एक महिला ने सदर इलाके के रहने वाले एक युवक पर प्रताड़ित करने और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इस मामले के सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने थाने पहुंचकर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, सोमवार शाम भैंसा की रहने वाली महिला ने कैंट पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि सदर के 12 मोहाल क्षेत्र के रहने वाले ऑटो चालक आमिर खान लंबे समय से उसे परेशान कर रहा है।
महिला का कहना है कि आरोपी के ऑटो में उसका आना-जाना होता था। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हो गई, जिसके बाद आरोपी लगातार उसे परेशान करने लगा। महिला ने बताया कि जब उसने ऑटो में जाना बंद कर दिया तो आरोपी उसका पीछा करने लगा और अभद्र व्यवहार करने लगा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि बीती रात आरोपी ने उसके पति के साथ मारपीट की और अब वह जबरन संबंध बनाने का दबाव डाल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और उन्होंने आरोपी आमिर खान की गिरफ्तारी की मांग की।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी अक्सर उसे धमकियां देता है और पिछले दिनों उसकी गाड़ी से टक्कर मारने की भी कोशिश की थी। महिला ने कहा कि उसने एक महीने पहले भी इसकी शिकायत थाने में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
महिला ने पुलिस से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।
वहीं, पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है। महिला थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
🚨 सागर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने डेढ़ साल के मासूम को कुचला, मौके पर मौत
मध्य प्रदेश के सागर जिले के रैली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने डेढ़ साल के मासूम बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना रजवास ग्राम के पास सर्रा खुर्द गांव की है। जानकारी के अनुसार, सुरेश आदिवासी का डेढ़ साल का इकलौता बेटा कार्तिक घर के बाहर खेल रहा था। तभी छुई से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में आई और मासूम को रौंद दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था और बच्चे को देखने के बाद भी वाहन नहीं रोका। टक्कर लगते ही बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को रैली हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि जब बच्चा लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसके सिर में गहरी चोट लगी थी, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई।
घटना के बाद रैली थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक कार्तिक दो बहनों में इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया है।
परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मदद से परिवार को तत्काल
आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।