मुरैना में अवैध पटाखा निर्माण का भंडाफोड़
दीपावली से पहले मुरैना पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध पटाखा निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। आरोपी अपने ही घर में देसी पटाखों का निर्माण कर रहा था, जिससे किसी भी वक्त बड़ा धमाका हो सकता था।
मामला मुरैना जिले के कैलारस थाना क्षेत्र के शहर स्थित अशोक गली का है। जानकारी मिलने पर पुलिस ने तुरंत दबिश दी। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में बारूद, फ्यूज, वायर और पटाखे बनाने का सामान जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के घर से तैयार और अध-बने सैकड़ों पटाखे बरामद किए। आरोपी के पास किसी प्रकार का अवैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं था। मौके से करीब ₹60,000 कीमत के पटाखे जब्त किए गए और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
उपनरीक्षक हिमांशु यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की गई। आरोपी अवैध रूप से पटाखे तैयार कर भंडारण कर रहा था। इसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
त्योहारों के मौसम में इस तरह के अवैध पटाखा निर्माण से लोगों की जान को गंभीर खतरा रहता है। किसी भी छोटी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह पटाखा कहां से बनवा रहा था और किन लोगों को बेचने वाला था।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही ने एक संभावित विस्फोट को टाल दिया है। दीपावली करीब है और इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए पुलिस की चौकसी और तेज कर दी गई है।
वर्तमान में वरिष्ठ पुलिस कार्यालय के आदेशानुसार अवैध विस्फोटक अधिनियम में सख्त कार्रवाई की जा रही है।